बागपत। एक लाख के इनामी बदमाश को पकड़ने में खास भूमिका निभाने वाली पुलिस की पोल सिर्फ आधे घंटे में खुल गई। बाइक सवार तीन बदमाशों ने दो गैस एजेंसी पर करीब आधे घंटे में वारदात को अंजाम देकर पुलिस की सक्रियता के दावों की हवा निकाल दी, जबकि कुछ ही घंटे पहले चांदीनगर थाना क्षेत्र में ही बरेली का एक लाख का इनामी सोनू ठाकुर अपने साथी के साथ पुलिस के हत्थे चढ़ा था। रात के अंधेरे में बदमाशों का मुकाबला करने वाली पुलिस दिन के उजाले में फेल साबित हुई। गैस एजेंसी पर लूट से जिले के अन्य गैस एजेंसी संचालक भी सहम गए हैं। रोजाना एजेंसियों और पेट्रोल पंपों पर लाखों रुपये का लेनदेन होता है। लोगों का आवागमन रहता है, लेकिन पुलिस सुरक्षा के दावे हवाई साबित हो रहे हैं।