बड़ौत (बागपत)।
दिल्ली बस स्टैंड पर मूंगफली उठाने से मना करने पर आठ-दस छात्रों ने दो मूंगफली विक्रेताओं को पीटा और उनके 40 हजार रुपये भी उठाकर ले गए। पीड़ित के शोर मचाने पर भीड़ में मौजूद पुलिस ने दो छात्रों को हिरासत में लिया है और पूछताछ करने में जुटी है। पुलिस ने दोनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया।
घायल नीटू और रवि पुत्र नफे सिंह किदवई नगर बड़ौत के रहने वाले हैं। दोनों भाई दिल्ली बस स्टैंड पर फड़ लगाकर मूंगफली बेचते हैं। बृहस्पतिवार की सुबह जब दोनों भाई दिल्ली बस स्टैंड पर मूंगफली बेच रहे थे। तभी कुछ छात्र आए और उनकी मूंगफली उठाकर चलने लगे तो उसने मना किया। मना करने पर उनकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते आठ-दस छात्रों ने दोनों मूंगफली विक्रेताओं पर हमला बोल दिया। इससे दिल्ली बस स्टैंड पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। बाद में कुछ लोगों और वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने छात्रों का विरोध किया और दो छात्रों को घेरकर पकड़ लिया। नीटू ने इस संबंध में कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों घायलों का सीएचसी में भर्ती कराया । पुलिस भागे छात्रों की तलाश में जुटी है। आरोप है कि हमलावर उनके 40 हजार रुपये भी छीनकर ले गए हैं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी।