बागपत। कांग्रेस सेवादल की शहर संगठक मुन्नी बेगम हत्याकांड के आरोपी कुख्यात बदमाश विक्की पिछौकरा से हिसार जेल में पुलिस ने पहुंचकर पूछताछ की। उसने हत्या करना कबूल किया । विक्की को डेढ़ माह पहले अंबाला पुलिस की सीआईए टीम ने पकड़ा । इस हत्याकांड के अन्य आरोपी जिला जेल में बंद हैं।
मोहल्ला केतीपुरा बागपत में पांच मार्च को कांग्रेस सेवादल की शहर संगठक मुन्नी बेगम की गोली मारकर हत्या की। इस मामले में जिला जेल में बंद जाहिद लंबू, उसकी पत्नी शहनाज, विक्की पिछौकरा, बूटन समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस विवेचना में ओर चार-पांच लोगों के नाम प्रकाश में आए। पुलिस ने विक्की पिछौकरा को छोड़कर अन्य सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। उसी समय से विक्की फरार चल रहा था। डेढ़ माह पूर्व विक्की को अंबाला पुलिस की सीआईए टीम ने गिरफ्तार किया। वर्तमान समय में वह हिसार जेल की हाई सिक्योरिटी सेल में बंद है।
कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने हिसार जेल में पहुंचकर आरोपी विक्की से पूछताछ की। आरोपी ने बताया कि जाहिद लंबू के कहने पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर मुन्नी बेगम की हत्या की। मुन्नी ने उसके छोटे भाई सागर की भी मुखबिरी की। इसको लेकर भी उससे दुश्मनी हो गई। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि हिसार जेल में मुन्नी बेगम के बयान दर्ज किए। जल्दी ही उसे रिमांड पर लेकर घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद किए जाएंगे।
कचहरी में बनाई थी हत्या की योजना
बागपत। आरोपी विक्की पिछौकरा ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि कचहरी में जाहिद लंबू से उसकी मुलाकात होती थी। कचहरी में ही दोनों ने मुन्नी को मारने की योजना बनाई। जाहिद लंबू जिला जेल में बंद है। वह लंबू की पत्नी शहनाज के संपर्क में था। शहनाज अपने पति जाहिद से मोबाइल फोन पर उसकी बात कराती थी। दोस्ती की खातिर उसने मुन्नी बेगम की हत्या कर दी।
मुन्नी की हत्या के बाद हरियाणा में ली थी शरण
बागपत। आरोपी विक्की ने पुलिस को बताया कि मुन्नी बेगम की हत्या करने के बाद वह हरियाणा में जाकर छिप गया था। कई माह तक कमरे बदलकर रहा। उसने हरियाणा में कई आपराधिक वारदात कीं। हरियाणा राज्य में उसकी कई ठिकाने हैं। मुन्नी बेगम की हत्या करने से पहले वह पांच लोगों की हत्या कर चुका है। वह पिछौकरा गांव में परिवार के किसी सदस्य को प्रधानी का चुनाव भी लड़ाने की योजना बना रहा है।
हिसार जेल में पहुंच गया छोटा भाई
बागपत। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि 10 दिन पहले विक्की पिछौकरा का छोटा भाई सागर को हिसार पुलिस ने तमंचे सहित गिरफ्तार किया । वह भी हिसार जेल में बंद है। वह किसी योजना के तहत तमंचे सहित पकड़ा और अपने भाई के पास जेल में पहुंच गया। दोनों भाई मिलकर जेल में किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं। उन्होंने हिसार जेल प्रशासन को इसके बारे में बताया है।