शौकत मार्केट में ठेली से बाइक टकराने पर हंगामा हुआ। विरोध करने पर ठेली वालों ने बाइक सवार मां और बेटे की पिटाई की। इसे लेकर जमकर हंगामा हुआ। मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो पुलिस के सामने भी दोनों पक्षों में मारपीट हुई। पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले गई। यहां पर दोनों पक्षों के लोगों में नोंक झोंक हुई। इस मामले में अभी तहरीर नहीं दी।
निवाड़ा निवासी फिरोज पुत्र अयूब अपनी मां महमूदा को बाइक पर लेकर बागपत में किसी काम से आया था। बृहस्पतिवार की शाम दोनों शौकत मार्केट में ठेली से खजूर खरीद रहे थे। जब फिरोज बाइक लेकर चला तो ठेली से बाइक टकरा गई। इसे लेकर ठेली मालिक के साथ उनकी कहासुनी हो गई। इसे लेकर ठेली वालों ने मां-बेटे पर हमला बोल दिया। ठेके वालों ने दोनों की सरे बाजार पिटाई कर दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के सामने भी दोनों पक्षों में मारपीट हुई। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले गई। निवाड़ा के ग्रामीणों की कोतवाली में भीड़ लग गई। ग्रामीणों का आरोप था कि शौकत मार्केट में ठेली वाले किसी की नहीं सुनते। ठेली वाले ग्राहकों के साथ आए दिन मारपीट करते हैं। महिलाओं और युवतियों पर फब्तियां कसते है। इनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। यहां पर दोनों पक्षों में नोंक झोंक हुई। पुलिस ने समझाकर दोनों पक्षों को शांत किया। इस मामले में अभी तक तहरीर नहीं दी। दोनों पक्षों में समझौते की बात चल रही है। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि अभी तक तहरीर नहीं आया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की होगी।