बड़ौत। लुहारी गांव में बृहस्पतिवार की रात्रि मलकपुर चीनी मिल गन्ना क्रय केंद्र के तौल लिपिक के घर पर तीन बदमाशों ने फायरिंग की, गोलियों की आवाज से लोग दहशत में आ गए। बाद में हथियार लहराते हुए बदमाश भाग निकले। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मौके से दो खोखे बरामद किए। नरेंद्र पुत्र धारा सिंह लुहारी गांव का रहने वाला है। वह मलकपुरी चीनी मिल के पुट्टी गन्ना क्रय केंद्र पर तौल लिपिक है। बृहस्पतिवार रात्रि वह परिवार के साथ घर पर सोया था। तभी तीन बाइक पर सवार बदमाश आए और नरेंद्र के घर को निशाना बनाते हुए पिस्टल व तमंचों से गोलियां चलाईं, गोलियों की आवाज से लोग दहशत में आ गए। बाद में बदमाश बाइक पर सवार होकर हथियार लहराते हुए भाग निकले। शुक्रवार की सुबह भी नरेंद्र को धमकी दी गई कि पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई तो जान से मार देंगे। बाद में गांव के लोगों के साथ नरेंद्र कोतवाली पहुंचे और तहरीर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने वहां से 32 बोर के दो खोखे भी बरामद किए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।