अग्रवाल मंडी टटीरी (बागपत)। मेरठ रोड पर युवक से बाइक सवार दो बदमाशों ने डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। कोतवाली क्षेत्र के मीतली गांव निवासी पंकज शर्मा पुत्र सतपाल शर्मा दिल्ली में एक कपड़े की दुकान पर काम करता है। शनिवार को वह बड़ौत और बागपत में दुकानदारों से रुपये एकत्र करने के लिए आया था। रात करीब साढे़ सात बजे वह बागपत से बाइक पर सवार होकर अपने गांव मीतली लौट रहा था। मेरठ रोड पर सर्वोदय स्कूल के निकट बाइक सवार दो युवकों ने तमंचे दिखाकर बाइक को रोका। युवक से डेढ़ लाख रुपये लूट लिए और जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पीड़ित ने बदमाशों के जाने के बाद पुलिस को कॉल कर मामले की जानकारी दी। बागपत कोतवाली और टटीरी चौकी पुलिस ने जंगल की कांबिंग की, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लग सका। पुलिस वारदात को संदिग्ध मानकर चल रही है।