बामनौली गांव में नशे में धुत दो युवकों ने दुकानदार पर तमंचा तान दिया और जान से मारने की धमकी दी। दुकानदार ने एक युवक को घर के अंदर बंद कर लिया तथा मारपीट कर सूचना पर पहुंची पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने युवक से तमंचा बरामद किया है। दूसरा युवक मौके से फरार हो गया।
बामनौली निवासी मनीष कश्यप गांव में ही परचून की दुकान करता है। शुक्रवार देर शाम वह दुकान पर बैठा था। तभी गांव के ही दो युवक नशे की हालत दुकान पर आए और मनीष पर तमंचा तान दिया। उन्होंने उसे जान से मारने की धमकी दी। दुकानदार ने शोर मचा दिया। एक युवक भाग निकला जबकि दूसरे युवक को दुकान के अंदर बंद कर दिया। सूचना पर पुलिस रात में ही मौके पर पहुंची। दुकानदारों ने पकड़े गए युवक को मारपीट कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने उसके पास से 315 बोर का तमंचा भी बरामद किया है। दोघट एसओ चितवन कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।