बागपत। शामली में एक लाख रुपये के इनामी साबिर के एनकाउंटर के बाद बागपत पुलिस भी हरकत में आ गई है। पुलिस के टारगेट पर 50 हजार रुपये के इनामी अजीत उर्फ हप्पू समेत पांच आरोपी आ गए हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी, लेकिन सफलता नहीं मिली। अफसरों ने कहा अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बावली गांव के अजीत उर्फ हप्पू ने वर्ष 2015 में अपने गांव में ही ताबड़तोड़ फायरिंग की । दो लोगों की गोली लगने से मौत हो गई । जबकि एक व्यक्ति गोली लगने से घायल हुआ । इस केस में आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित है। इसके बाद वह लगातार आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहा है। पुलिस की विवेचना में सामने आया था कि हप्पू ने ही अपने साथी एक लाख रुपये के इनामी प्रमोद गांगनौली की हत्या की। उसके नाम से व्यापारियों से रंगदारी भी मांगी जा रही है। दो माह पहले बड़ौत के दूध व्यापारी से रंगदारी मांगी । इससे पहले नोएडा में फैक्ट्री व्यापारी से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। कई व्यापारी तो दहशत के चलते पुलिस को जानकारी भी नहीं देते हैं। इसके अलावा 15 हजार रुपये का इनामी जसवीर उर्फ जस्सूू भी वर्ष 2013 से फरार चल रहा है। उसने दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित रीवर पार्क के पास काठा गांव के प्रॉपर्टी डीलर नीटू की हत्या की । 12 हजार रुपये का इनामी कमल शर्मा ने वर्ष 2012 में खेकड़ा में युवक की हत्या की । अब पुलिस ने उनकी धरपकड़ तेज कर दी। पुलिस ने बृहस्पतिवार रात कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन सफलता नहीं मिली। एसपी जय प्रकाश ने कहा इनामी बदमाशों की गिरफ्तारी के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
ईख की बड़ी फसल होने का उठा रहे फायदा
बागपत। पुलिस का कहना है कि अधिकांश अपराधी खेतों में छुपते हैं। ईख की फसल बड़ी होने का अपराधी फायदा उठा रहे हैं, लेकिन ज्यादा दिन तक अपराधी छिप नहीं पाएंगे।
निम्न अपराधी है पुलिस के निशाने पर
1. अजीत उर्फ हप्पू निवासी बावली - 50,000
2. जसवीर उर्फ जस्सू निवासी सांकरौद - 15,000
3. कपिल शर्मा निवासी कस्बा खेकड़ा - 12,000
4. संजीव निवासी सरूरपुर खुर्द (मेरठ) - 10,000
5. सुनील निवासी धनौरा सिल्वर नगर - 5,000
(पुलिस रिकार्ड के मुताबिक)