बागपत। औषधि निरीक्षक वैभव बब्बर ने बोपुरा गांव में बिना लाइसेंस के संचालित मेडिकल स्टोर से दवाएं जब्त कर सील लगा दी। वहीं दवा के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे।
मंगलवार को बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के बोपुरा गांव में बिना लाइसेंस के चल रहे मेडिकल स्टोर की दवाओं को सील किया। औषधि निरीक्षक वैभव बब्बर ने बताया कि बोपुरा गांव में बिना लाइसेंस के दवा वितरण करने की शिकायत मिल रही थी। इसके बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर दवा विक्रय संबंधित अभिलेखों की जांच की। किसी भी तरह का अभिलेख नहीं दिखा पाए। मेडिकल स्टोर में रखी सभी दवा सीज की। साथ ही टीम ने तीन संदिग्ध औषधियों के नमूने संग्रहीत किए। इन्हें जांच एवं विश्लेषण हेतु लखनऊ प्रयोगशाला भेजा। स्टोर संचालक के विरुद्ध औषधि प्रसाधन अधिनियम 1940 के अंतर्गत विधिक कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि जांच के बाद 25 से 30 हजार रुपये की दवा को सील किया है। वहीं दवाओं के लिए लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट आने पर अग्रिम कार्रवाई होगी।