बड़ौत (बागपत)।
बड़का गांव में कहासुनी के बाद दो पक्षों में जमकर पथराव हुआ और धारदार हथियार भी चले, इसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि चार लोगों को मामूली चोट आई । बड़का गांव में हिलवाड़ी के राहुल पुत्र रामबीर, अनुज, बल्लम, मोहित और रामू हलवाई का काम करते हैं। वे बृहस्पतिवार को बड़का गांव में एक शादी में काम कर रहे थे। तभी गांव के विकास आदि से उनकी कहासुनी हो गई। देखते-देखते दोनों ओर से पथराव, लाठी-डंडे व धारदार हथियार चलने लगे। तमंचों की बटों से भी वार किया गया। एक पक्ष का राहुल गंभीर रूप से घायल हुआ जबकि अनुज, वल्लम, मोहित, रामू निवासी हिलवाड़ी को चोटें आईं। दूसरे पक्ष का विकास पुत्र धर्मवीर निवासी बड़का गंभीर रूप से घायल हुआ है। दोनों पक्षों ने कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने घायलों को सीएचसी पर भर्ती कराया है।