महिला ने की जान देने की कोशिश
बागपत। ससुरालियों के उत्पीडन से तंग आकर एक महिला ने बड़ौत में आत्महत्या की कोशिश की। महिला ने बृहस्पतिवार को एसपी दफ्तर पर पहुंचकर आरोपी ससुरालियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
छपरौली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने बताया कि उसकी शादी चार मार्च 2001 को बिनौली क्षेत्र के एक गांव के एक युवक के साथ हुई थी। उसके तीन बच्चे हैं। शादी के बाद से ही ससुरालियों ने उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया था। कई बार फांसी लगाकर मारने का प्रयास किया। शिकायत करने पर महिला थाना पुलिस ने उनके बीच समझौता करा दिया था। आरोपियों ने कुछ दिन बाद दोबारा झगड़ा शुरू कर दिया था। आरोप है कि ससुरालियों ने उसे पीटकर घर से निकाल दिया। 25 दिसंबर को उसने बड़ौत में ट्रक के आगे कूदकर आत्महत्या की कोशिश की थी। मगर लोगों ने किसी तरह उसकी जान बचाई। वह परेशान है। उसने अपनी सुरक्षा और आरोपी ससुरालियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसपी ने उसको कार्रवाई का आश्वासन दिया।
ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा
अमीनगर सराय। बिलोचपुरा गांव निवासी युवती रीतू पुत्री बिजेंद्र ने पुलिस को बताया कि दस माह पहले उसकी शादी गाजियाबाद के असालतपुर गांव निवासी एक युवक के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही उसके सुसरालवाले एक लाख रुपये की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट करते थे और जान से मारने की धमकी देते थे। पिछले एक माह से अपने मायके में रह रही थी। रविवार को उसके सुसरालवाले वहां पर पहुंचे। उससे एक लाख रुपये की मांग करने लगे। मना करने पर उसके साथ मारपीट की। उसकी तहरीर पर आरोपी पति सुशील जेठ जितेंद्र, अरुण, देवर नीरज, जेठानी ऋतु और जेठानी पिंकी के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ।