दोघट (बागपत)। इदरीशपुर गांव में प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालयों के गेट पर एलटी विद्युत लाइन का तार टूटकर गिरने से भगदड़ मच गई और कई बच्चे तार चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। इसको लेकर अभिभावकों में आक्रोश व्याप्त हो गया। उन्होंने विद्युत निगम और शिक्षा विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर बच्चों को स्कूल भेजने से इंकार कर दिया। बाद में प्रधानाध्यापक और शिक्षकों के समझाने पर अभिभावक ने बच्चों को स्कूल भेजा।
इदरीशपुर गांव में प्राथमिक विद्यालय नंबर एक और दो और पूर्व माध्यमिक विद्यालय जूनियर हाईस्कूल एक ही परिसर में स्थापित हैं। इन तीनों विद्यालयों का एक ही मुख्य द्वार है। विद्यालय परिसर में ही विद्युत जोड़ा लगा और उसके ऊपर से गांव में एलटी विद्युत लाइन गई है। बृहस्पतिवार को सुबह के समय स्कूल खुलने के समय इसी विद्युत लाइन का तार टूटकर विद्यालय के गेट पर गिर गया। इससे स्कूलों में आने वाले बच्चों एवं शिक्षकों में भगदड़ मच गई। इस दौरान कई बच्चे तार की चपेट में आने से बाल-बाल बचे और बड़ा हादसा होने से बच गया। इसकी सूचना पर बच्चों के अभिभावक विद्यालय की तरफ दौड़ पड़े। अभिभावकों ने विद्यालय में पहुंचकर हंगामा किया और विद्युत निगम और शिक्षा विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर अपने बच्चों को लेकर वापस घर आ गए। अभिभावकों ने बताया विद्यालय परिसर में पूर्व में भी कई बार विद्युत लाइन के तार टूट कर गिर चुके हैं। एक बार विद्युत ट्रांसफार्मर फटने से कई बच्चे बाल-बाल बचे हैं। शिक्षकों और विभागीय अधिकारियों को कई बार विद्युत लाइन हटवाने की शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अभी तक नहीं हटाई । इससे उनके बच्चों की जिंदगी दांव पर लगी है। अभिभावकों ने अपने बच्चों को विद्यालय में भेजने से इंकार कर दिया। इस पर पूर्व माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक विकास मलिक और अन्य शिक्षक अभिभावकों के घर पहुंचे और उन्हें समझा बुझाकर बच्चों को स्कूल लेकर आए। अभिभावकों ने कहा यदि शीघ्र विद्यालय से विद्युत जोड़ा और लाइन को नहीं हटवाया तो वे अपने बच्चों को नहीं पढ़ाएंगे। इनमें श्रीराम, राम अवतार, जितेंद्र कुमार, हरिओम, सुधीर, अनिल, राम स्नेह आदि रहे।