अमीनगर सराय (बागपत)।
सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के एक गांव में गैंगरेप पीड़ित किशोरी द्वारा आत्महत्या के प्रयास के मामले में सीओ बागपत ने जांच शुरू कर दी। सीओ ने पीड़ित किशोरी के परिजनों के बयान दर्ज किए।
सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के एक गांव के जंगल में छह दिन पहले 13 वर्षीय किशोरी से दो युवकों ने गैंगरेप किया। आरोपी किशोरी को बदहवास हालत में छोड़कर फरार हो गए थे। पीड़ित किशोरी ने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर घटना की जानकारी पुलिस को दी , लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। आरोपी पक्ष ने गांव में पंचायत कर मामले को रफा दफा करा दिया। पंचायत में पंचों ने पीड़ित पक्ष के लोगों को जुबां बंद रखने के लिए कहा था। इससे आहत होकर तीन दिन पहले गैंगरेप पीड़ित किशोरी ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या की कोशिश की । परिजनों ने उसे मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। एसपी शैलेष पांडेय ने सीओ बागपत को मामले की जांच सौंपी थी। मंगलवार को सीओ दिलीप सिंह ने गांव पहुंचकर परिजनों के बयान दर्ज किए। सीओ ने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज किए गए है। उन्होंने थाने में अभी तक कोई तहरीर नहीं दी। वे अपनी जांच रिपोर्ट एसपी को देंगे।