रमाला/दोघट (बागपत)। दोघट-गांगनौली मार्ग पर पांच सशस्त्र बदमाशों ने तमंचों के बल पर व्यक्ति से हजारों की नगदी, दो मोबाइल और कीमती कपड़े लूट लिए। विरोध करने पर मारपीट कर घायल कर दिया।
पीड़ित ओमपाल पांचाल कासिमपुर खेड़ी गांव का रहने वाला है। मंगलवार को वह बाइक पर दोघट में शादी के लिए कपड़े और अन्य सामान खरीदने आया । शाम को जब वह सामान खरीदकर दोघट-गांगनौली मार्ग से वापस अपने घर जा रहा था तो दोघट और गांगनौली के बीच पांच सशस्त्र बदमाशों ने तमंचों के बल पर उसे रोक लिया और उससे चार हजार रुपये की नगदी, दो मोबाइल और कीमती कपड़े लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने तमंचों की बटों से उसकी पिटाई कर घायल कर दिया। इसके बाद बदमाश जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश की, लेकिन बदमाश हाथ नहीं लग सके। इस संबंध में ओमपाल ने दोघट थाने में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं क्षेत्र में आए दिन हो रही लूटपाट की वारदातों को लेकर लोगों में दहशत फैली हुई है। बेखौफ बदमाश लूट की वारदात को अंजाम देकर आराम से फरार हो जाते हैं, लेकिन पुलिस मूक दर्शक बनी रहती है।