बागपत। दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को जहरीला पदार्थ पिलाने का मामला सामने आया है। पीड़ित मेरठ अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है। ससुरालियों ने उसकी दो अन्य बहनों के साथ भी मारपीट की है। घटना की पुलिस से शिकायत की।
डौलचा निवासी युवक गौरव ने बताया उसकी बहन रीना, राधा और पारूल की शादी गढ़ी कलंजरी गांव के तीन भाइयों के साथ हुई। शादी में परिजनों ने अपनी हैसियत के अनुसार दान दहेज दिया था। ससुरालियों उनसे दहेज की मांग करते हैं। कई बार दान दहेज दिया, लेकिन कुछ दिन बाद दोबारा मांग करने लगते हैं। असमर्थता जताने पर ससुरालियों ने उनके साथ मारपीट की । घटना की पुलिस से शिकायत की। आरोपी उन पर केस में समझौते का दबाव बना रहे थे। मना करने पर बृहस्पतिवार को आरोपियों ने उसकी बहन राधा को जहरीला पदार्थ खिला दिया। अन्य दो बहनों के साथ भी मारपीट की। राधा की हालत बिगड़ गई। उसको पहले पिलाना सीएचसी, फिर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां के चिकित्सकों ने उसको हायर हॉस्पिटल रेफर किया। उसका मेरठ अस्पताल में इलाज चल रहा है। फिलहाल उसकी हालत गंभीर है। घटना की पुलिस से शिकायत की। पुलिस मामले की जांच में लगी है।