हेल्थ सुपरवाइजर ने सीएचसी अधीक्षक के साथ की हाथापाई
बड़ौत। सीएचसी पर उस समय हंगामा हो गया, जब हेल्थ सुपरवाइजर ने किसी बात को लेकर सीएचसी अधीक्षक के साथ हाथापाई शुरू कर दी। इतना ही नहीं जब ब्लाक कार्यक्रम प्रबंधक बीच-बचाव के लिए आए तो उन पर भी हाथ छोड़ दिया और कंप्यूटर को तोड़ दिया। इसे देख सीएचसी पर आए मरीजों और ड्यूटी में तैनात चिकित्सकों में अफरातफरी मच गई। बाद में सीएचसी अधीक्षक ने कोतवाली पहुंचकर हेल्थ सुपरवाइजर के खिलाफ तहरीर दी और सीएमओ को अवगत कराया। तहरीर के बाद पुलिस ने घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा।
शुक्रवार को सीएचसी अधीक्षक डॉ. एएसके मलिक मरीजों की जांच कर रहे थे। आरोप है कि तभी सीएचसी पर तैनात हेल्थ सुपरवाइजर वहां पर पहुंचे और उनके साथ अभद्रता करते हुए हाथापाई शुरू कर दी। इससे सीएचसी पर आए मरीजों और ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों में अफरातफरी मच गई। जब ब्लाक कार्यक्रम प्रबंधक सचिन मलिक वहां बीचबचाव के लिए पहुंचे तो हेल्थ सुपरवाइजर ने उन पर भी हाथ छोड़ दिया। किसी तरह सीएचसी अधीक्षक डॉ. एएसके मलिक ने इसकी सूचना पुलिस और सीएमओ को दी।
सूचना पर पुलिस के पहुंचने से पहलेे ही हेल्थ सुपरवाइजर वहां से जा चुके थे। बाद में सीएचसी अधीक्षक डॉ. एएसके मलिक ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने उनका मेडिकल परीक्षण कराया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. एएसके मलिक का कहना है कि हेल्थ सुपरवाइजर ड्यूटी में पिछले कई रोज से लापरवाही बरत रहे थे। जब उन्हें नियमित ड्यूटी करने के लिए कहा गया तो उन्होंने हाथापाई शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार सीएचसी अधीक्षक की तहरीर आ गई है। तहरीर के आधार पर मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
हेल्थ सुपरवाइजर ने भी लगाए आरोप
हेल्थ सुपरवाइजर उदयवीर मलिक ने भी देर शाम सीएचसी अधीक्षक डॉ. एएसके मलिक व ब्लाक कार्यक्रम प्रबंधक सचिन मलिक के खिलाफ मारपीट का आरोप लगाते हुए बताया कि उन्होंने उन्हें जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस ने तहरीर पर जांच शुरू कर दी है और उसे मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है।
इस मामले में प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ के सचिव डॉ. यशवीर ने कहा कि यदि आरोपी हेल्थ सुपरवाइजर के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती तो प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ कार्य बहिष्कार करने के लिए बाध्य होगा और इस मामले को सीएमओ बागपत को अवगत करा दिया गया है।