बड़ौत (बागपत)।
नगर की बावली रोड पर संचालित कोचिंग सेंटर के विरोध में मंगलवार को महिलाओं ने तहसील में प्रदर्शन किया। बाद में महिलाओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर कोचिंग सेंटर बंद कराने की मांग की। उन्होंने मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
महिलाओं ने कहा काफी समय से गली में एनपी कोचिंग सेंटर संचालित है। इसमें प्रति बैंच करीबन 80 से 90 बच्चे हैं। कोचिंग में आने और जाने के दौरान युवक मोहल्ले की युवतियों के साथ छेड़खानी करते हैं। इससे महिलाओं का घरों से निकलना बंद हो गया है। इसके अलावा कोचिंग के लिए आए युवक गली में अपने बाइक और साइकिलें गलत ढंग से खड़ा करते हैं, इससे गली पूरी तरह से अवरुद्ध हो जाती है। कई बार कोचिंग सेंटर संचालक से अनुरोध किया, लेकिन वह गाली-गलौच पर उतारू हो जाता है। उन्होंने एसडीएम अरविंद कुमार द्विवेदी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। एसडीएम ने कहा जल्द ही वहां का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया जाएगा। इसमें राधा, कविता, अंजू, राखी, सुदेश, कोविंद, बिमला आदि रही। दूसरी तरफ कोचिंग सेंटर संचालक नरेश पाल ने आरोपों को निराधार बताया।