दोघट (बागपत)। दाहा गांव के जंगल में हाईटेंशन विद्युत लाइन का तार टूटकर गिरने पर किसान की तीन बीघा गन्ने की फसल जल गई। दाहा गांव निवासी धीरज पुत्र बिजे पाल ने बताया कि उसके गन्ने के खेत के ऊपर से हाईटेंशन विद्युत लाइन गुजरती है। लाइन के तार जर्जर हो चुके हैं। रविवार को लाइन का तार टूटकर गिर गया, जिस कारण गन्ने की फसल ने आग पकड़ ली। किसानों ने दाहा बिजलीघर से सप्लाई बंद कराई और आग को भारी मशक्कत के बाद बुझाया, लेकिन तब तक तीन बीघा गन्ने की फसल जल चुकी थी। पीड़ित किसान का आरोप है कि ऊर्जा निगम के अधिकारियों को कई बार जर्जर विद्युत लाइन की शिकायत की गई, लेकिन तार नहीं बदले। उसने मुआवजा दिलाने की मांग की।