पिलाना सीएचसी में शराबी युवक ने मचाया उत्पात
अमीनगर सराय। पिलाना सीएचसी में एक शराबी युवक ने जमकर उत्पाथ मचाया। उसने सीएचसी में तोड़फोड़ की। विरोध करने पर कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इस मामले में सिंघावली अहीर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिलाना में शुक्रवार दोपहर एक बजे पिलाना निवासी युवक शराब के नशे में पहुंचा। आरोप है कि वह चिकित्सकों के साथ अभद्र व्यवहार करने लगा। स्वीपर को जातिसूचक शब्द कहे।
विरोध करने पर कर्मचारियों के साथ मारपीट की। इसके बाद शराबी ने सीएचसी में तोड़फोड़ शुरू कर दी। बाहर रखे गमले तोड़ डाले। बाहर खड़ी एंबुलेंस में भी तोडफ़ोड़ की कोशिश की गई। यह पूरा मामला सीएचसी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। स्वास्थ्य कर्मचारियों ने 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में लेकर सिंघावली अहीर थाने ले गई। इस संबंध में इमरजेंसी मेडिकल आफिसर डॉ. मुमताज निसार ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।