बागपत। बसपा के पूर्व विधायक लोकेश दीक्षित को धमकी देने के मामले में पुलिस एक आरोपी संजय राव की आवाज की जांच कराएगी। बागपत पुलिस ने बनारस स्थित संजय के घर आवाज का नमूना देने के लिए नोटिस चस्पा किया है। धमकी देने के आरोपी मुन्ना बजरंगी की बागपत जेल में हत्या हो चुकी है, जबकि एक आरोपी सुल्तान को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा। बजरंगी की हत्या के बाद इस मामले की जांच ने भी तेजी पकड़ ली है।
बड़ौत से बसपा के पूर्व विधायक लोकेेश दीक्षित को पिछले वर्ष मोबाइल पर धमकी दी। कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने जांच की तो पूर्वांचल के डॉन मुन्ना बजरंगी, सुल्तान और संजय राव के नाम सामने आए । तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पूर्व विधायक के मामले में ही पुलिस मुन्ना बजरंगी को बागपत जेल लेकर आया , वहां बजरंगी की हत्या कर दी। इस मामले में आरोपी सुल्तान को पुलिस जेल भेज चुकी है। जबकि तीसरा आरोपी संजय राव पुलिस पकड़ से दूर है। मोबाइल में रिकॉर्ड आवाज की पहचान के लिए पुलिस ने संजय राव की आवाज का नमूना लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बनारस स्थित राव के घर पर नोटिस चस्पा कर दिया गया है। संजय राव ने गिरफ्तारी से बचने के लिए हाईकोर्ट से स्टे ले लिया था। बागपत पुलिस बनारस पहुंची और उसके घर पर नोटिस चस्पा कर दिया है।