बड़ौत (बागपत)।
एंटी रोमियो स्क्वॉड टीम और पुलिस टीम ने बावली रोड पर मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। इनके पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।
सीओ रामानंद कुशवाह ने बताया कि मंगलवार को नगर में एंटी रोमियो स्क्वॉड टीम और पुलिस ने बदमाशों की धरपकड़ के लिए चेकिंग अभियान चलाया। बावली रोड पर घासी राम द्वार के पास जब पुलिस को चेकिंग कर रही थी तो बाइक सवार दो युवक भागने लगे। जब पुलिस ने पीछा किया तो उन्होंने तमंचे से फायरिंग की। पुलिस ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया। सीओ ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों में लव पुत्र अनिल कुमार शिव विहार कॉलोनी बड़ौत का रहने वाला है। जबकि दूसरा बदमाश शनि पुत्र सुरेंद्र पट्टी चौधरान बड़ौत का रहने वाला है। लव पर हत्या व कातिलाना हमले के मामले भी न्यायालय में विचाराधीन है। पुलिस पकड़े गए बदमाशों से गहन पूछताछ कर रही है और उनसे मिली बाइक किसकी है, पता लगाया जा रहा है।