बड़ौत (बागपत)। पूर्वी यमन नहर की पटरी पर तीन सशस्त्र बदमाश ई-रिक्शा चालक को अगवा कर बड़ौली झाल के पास ले गए और मारपीट कर घायल करके उसे झाड़ियों में फेंक दिया। बदमाश उससे पांच हजार रुपये और ई-रिक्शा लूटकर ले गए। पीड़ित जाहिद पुत्र जाकिर कमला नगर बड़ौत का रहने वाला है। वह ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन पोषण करता है। रविवार की सुबह वह कांशीराम कालोनी में सवारी छोड़कर पूर्वी यमन नहर की पटरी से होकर लौट रहा था, तभी तीन तमंचेधारी बदमाश मिले और उसे तमंचों के बल पर अगवा कर बावली झाल के पास ले गए। वहां तमंचों की बटों से पिटाई कर उसे घायल कर दिया और उसे झाड़ियों मेें फेंक कर ई-रिक्शा और पांच हजार रुपये लूटकर भाग गए। वहां से गुजर रही गश्ती पुलिस उसे घायल अवस्था में उठाकर कोतवाली लेकर आई और उसे सीएचसी में भर्ती कराया है। पीड़ित ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है।