बागपत। चांदीनगर थाना क्षेत्र के एक गांव से अपहृत युवती को पुलिस बरामद नहीं कर रही है। युवती ने मां को फोन कर सूचना दी कि वह हरियाणा के किसी गांव में है और कुछ लोगों ने उसे 50 हजार रुपये में बेच दिया है। महिला ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर बेटी की बरामदगी की मांग की।
चांदीनगर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने एसपी जयप्रकाश को बताया कि 29 मार्च को कुछ युवक उसकी बेटी का बहला-फुसला कर अपहरण कर ले गए । उसने थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई, लेकिन पुलिस बेटी को बरामद नहीं कर रही है। 15 मई को युवती ने मां को फोन कर बताया कि उसे हरियाणा के किसी गांव में बंधक बनाकर रखा हुआ है। इन लोगों ने मुझे 50 हजार रुपये में बेच दिया है। 19 मई को पुलिस ने फोन लोकेशन से युवती को बरामद कर लिया। पुलिस ने उसके बयान दर्ज किए। उसे अपने साथ लेकर चलने लगे तो वहां 30-40 लोग एकत्र हो गए। मौके पर मौजूद एक व्यक्ति उसकी बेटी को अपना पत्नी बता रहा है। विरोध होने पर पुलिस युवती को वहीं छोड़कर वापस लौट गई। आरोप लगाया कि विवेचक आरोपियों के साथ मिल चुका है। उसने बेटी को बरामद कराने के लिए उससे भी 22 हजार रुपये लिए हुए हैं। उसने एसपी से मामले में कार्रवाई कर बेटी की बरामदगी की मांग की। एसपी जयप्रकाश ने महिला को मामले में कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।