बागपत। पुराने कस्बे से कक्षा आठ के छात्र का अज्ञात लोग अपहरण कर ले गए। वह घर से मेडिकल स्टोर पर गया । परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कहीं पता नहीं चला। मां ने कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ अपहरण की धारा में मुकदमा दर्ज कराया।
पुराने कस्बे बागपत निवासी 14 वर्षीय हुसैन खान पुत्र स्वर्गीय साबिर शहर के यमुना इंटर कॉलेज में कक्षा आठ का छात्र है। बुधवार की सुबह वह स्कूल में पढ़ने के लिए गया। साढ़े 10 बजे वह पढ़ाई कर घर वापस आ गया। 11 बजे मां बीना को मेडिकल स्टोर पर जाने के लिए कह कर घर से चला गया। देर रात 10 बजे तक भी जब वह घर नहीं लौटा तो मां ने मेडिकल स्टोर मालिक से फोन पर उसके बारे में पूछा। उसने बताया हुसैन तो आज काम पर ही नहीं आया । बीना ने मोहल्ला वासियों को इसके बारे में जानकारी दी। लोगों ने छात्र की काफी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला।
बृहस्पतिवार को मां बीना ने कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने महिला की तहरीर पर धारा 363 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया। मां बीना ने बताया कि वह शहर में ही एक मेडिकल स्टोर पर काम सीख रहा है। उसके पिता की पूर्व में मौत हो चुकी है। उसने बड़ी बेटी की शादी कर दी है। उससे छोटा हुसैन है और इससे छोटे दो बच्चे है। पति की मौत के बाद मजदूरी कर बच्चों का पालन पोषण कर रही है। उसकी किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं है। हुसैन का कोई दोस्त भी नहीं है। वह घर से स्कूल जाता है और वापस आने के बाद मेडिकल स्टोर पर चला जाता है। उसके बेटे का अपहरण किया।