प्रेम-प्रसंग में की गई थी कासिम की हत्या
बड़ौत (बागपत)। जलालपुर गांव में कासिम की हत्या प्रेम-प्रसंग को लेकर की गई थी। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है और उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लाठी-डंडे बरामद किए हैं।
बृहस्पतिवार की तड़के कासिम 22 वर्ष पुत्र इस्लाम निवासी जलालपुर की चार लोगों ने लाठियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इस मामले में मृतक के बड़े भाई शाहिद ने चार लोगों को नामजद कराते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कोतवाली प्रभारी रणवीर सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिनमें मुन्ना, राहिल, शौकीन व आदिल शामिल हैं। सभी जलालपुर गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के बाद बताया कि कासिम का उनके ही परिवार की एक युवती से प्रेम प्रसंग था। जो युवती के परिजनों को पसंद नहीं था। उनके बार-बार समझाने पर भी कासिम बाज नहीं आ रहा था। इसी के चलते उसकी हत्या की गई है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लाठी-डंडे बरामद किए हैं और उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।