बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने बैंक से पैसे निकलवाकर अपने गांव ढ़िकाना जा रहे दूध व्यापारी से 1.20 लाख रुपये लूट लिए और विरोध करने पर हवाई फायर कर बटों से हमलाकर घायल कर दिया।
दिन दहाड़े व्यापारी से लूट होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। क्षेत्र की नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश की, वे हाथ नहीं लग सके। सुखपाल पुत्र जयभगवान ढ़िकाना गांव का रहने वाले हैं।
उनकी गांव में दूध की डेयरी है। सुखपाल बृहस्पतिवार को नगर पालिका स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा से 1.20 लाख रुपये निकलवाकर थैले में रखकर अपनी बाइक से अपने गांव ढ़िकाना के लिए चले।
जब वह बड़ौत और जोनमाना गांव के बीच पहुंचे तो पीछे से बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने ओवरटेक कर दूध व्यापारी को रोका और उनकी बाइक की चाबी निकाल ली। एक फायर भी किया। विरोध जताने पर उनके सिर में तमंचे के बट मारकर घायल कर दिया।
बाद में उनका थैला बदमाशों ने छीनना चाहा तो उन्होंने थैला नहीं छोड़ा तो हाथ पर भी तमंचों की बट मारकर थैला अपने कब्जे में कर लिया और ढ़िकाना गांव की ओर बाइक पर सवार होकर भाग निकलेे। जिस समय वे तीव्र गति से जोनमाना से ढ़िकाना की ओर मुड़े तो उनकी बाइक फिसल गई, इस दौरन बाइक उठाकर भाग निकले, लेकिन उनके मुंह पर बंधे कपड़े वहीं गिर गए।
सूचना पर सीओ कर्मवीर सिंह और कोतवाली प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और क्षेत्र की नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश की, लेकिन बदमाश हाथ नहीं लगे। पुलिस ने घायल सुखपाल को सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से उसे जिला अस्पताल भेदा। इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई।
लूट कर भागे एक बदमाश को ग्रामीणों ने दबोचा
बड़ौत। जोनमाना और बड़ौत के बीच ढ़िकाना गांव के दूध व्यापारी सुखपाल से 1.20 लाख रुपये लूट कर भागे बाइक सवार बदमाशों को पूर्वी यमन नहर की पटरी पर गांव के लोगों ने घेर लिया। इस दौरान दो बदमाश भाग निकले। जबकि एक को दबोच लिया। इस सूचना पर ढ़िकाना गांव के काफी संख्या में ग्रामीण औद्योगिक क्षेत्र पुलिस चौकी पर पहुंचे तो दिल्ली-सहारनपुर हाईवे मार्ग अवरुद्ध हो गया। बाद में ग्रामीण पकड़े बदमाश को ढ़िकाना गांव ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस को उन्होंने बदमाश को सौंपने से मना कर दिया।
बाद में कोतवाली प्रभारी गांव में पहुंचे तो ग्रामीणों ने कहा स्वयं बदमाश को कोतवाली लेकर आ रहे हैं और ग्रामीण बदमाश की पिटाई करते हुये बड़ौत कोतवाली पहुंचे और पुलिस को सौंपा। पकड़े बदमाश का नाम पिंटू पुत्र रिछपाल बड़ौली गांव बताया है। उसने अपने अन्य साथियों के नाम भी बता दिए हैं। पुलिस उन्हें पकड़ने गई है। लेकिन अभी घर से फरार है। इस संबंध में सीओ कर्मवीर सिंह ने बताया एक बदमाश को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा है।