बड़ौत। नगर के रेलवे स्टेशन पर बृहस्पतिवार की शाम ट्रेन की चपेट में आने से नगर की नई बस्ती निवासी सैलून दुकान संचालक जयप्रकाश (55) की मौत हो गई।
उनके बेटे अक्षय ने बताया कि उसके पिता नगर के बावली रोड पर सैलून की दुकान करते थे। वह रोजाना शाम को रेलवे स्टेशन परिसर में घूमने जाते थे। बृहस्पतिवार की शाम करीब छह बजे रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे। अचानक पैर फिसने से वह ट्रैक पर गिर पड़े। तभी आ रही सहारनपुर की तरफ से दिल्ली की ओर जाने वाली 74024 ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना उनके साथ घूमने वाले लोगों ने परिवार के लोगों को दी। घायल को आनन-फानन में सीएचसी पर भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिवार में दो बेटे व एक बेटी है, जो सभी शादीशुदा हैं। वहीं रेलवे पुलिस निरीक्षक सन्नी ने बताया कि व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हुई है।