खेकड़ा के छोटा बाजार में मकान की दीवार में आई दरार दिखाता युवक नरेंद्र शर्मा
खेकड़ा। छोटा बाजार स्थित आर्य समाज मोहल्ले में कई मकानों में दरारें आ गई हैं। इससे मकान मालिक परेशान हैं। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कराने की मांग की है।
नगर के छोटा बाजार स्थित आर्य समाज मोहल्ले में कई मकानों में कुछ दिन पूर्व दरारें आ गई थीं। अब इनकी चौड़ाई बढ़ने से मकान मालिक परेशान हैं। नरेंद्र शर्मा, अंकित शर्मा, आकाश गुप्ता, गोलू ने बताया कि मकानों में दरारें आने का कारण मोहल्ले से गुजर रही बड़ी भूमिगत पेयजल पाइप लाइन लीकेज भी हो सकती है। इस संबंध में नगरपालिका प्रशासन को भी अवगत करा चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं की गई। शुक्रवार को उन्होंने स्थानीय प्रशासन को मामले से अवगत कराकर जांच कराने की मांग की है। एसडीएम अपूर्वा यादव का कहना है कि संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेजकर सर्वेक्षण कराया जाएगा। सर्वेक्षण रिपोर्ट के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।