अमीनगर सराय (बागपत)। मेरठ-बागपत नेशनल हाईवे पर हिसावदा चौराहे के पास एक फार्म हाउस में सोमवार देर रात बदमाशों ने बिहार के दंपती को बंधक बनाकर लूटपाट की और महिला के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सोनीपत निवासी एक व्यक्ति का हिसावदा चौराहे के पास फार्म हाउस है। जहां बिहार निवासी दंपती पिछले चार महीने से अपने चार बच्चों के साथ रहते हैं। सोमवार रात करीब एक बजे तीन बदमाश फार्म हाउस में घुसे और दंपती को पीटकर अलग-अलग कमरों में बंधक बना लिया। फार्म हाउस से दो मोबाइल, दो पंखे, तार समेत अन्य सामान लूट लिया। महिला के साथ एक बदमाश ने दुष्कर्म किया और दंपती को धमकी देकर बदमाश भाग गए।
मौके पर पहुंचे एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि मुकदमा दर्ज करके जांच की जा रही है, जिसमें कई अहम जानकारी भी पुलिस को मिली हैं। बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है जिनको जल्द पकड़ लिया जाएगा। पुलिस ने डॉग स्कवायड और फाेरेंसिक टीम को भी बुलाकर जांच कराई।