घायल हुई दत्तनगर निवासी श्वेता
- फोटो : BAGHPAT
बालैनी। दत्तनगर गांव में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर दपंती और उनकी बेटी झुलस गई। तीनों को बालैनी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दत्तनगर गांव का रहने वाले किसान आत्माराम, उसकी पत्नी बबीता और बेटी श्वेता बुधवार सुबह खेत में पशुओं के लिए चारा लेने गए थे। चारा ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखने के बाद श्वेता पीछे से ट्रॉली पर चढ़ गई। वह एक हाथ ऊपर करके अपना दुपट्टा ठीक करने लगी और उसके दूसरे हाथ को ट्रॉली पर चढ़ने के लिए उसकी मां ने पकड़ा हुआ था। दुपट्टा ठीक करते हुए श्वेता का हाथ हाईटेंशन लाइन के तार से टकरा गया। उन दोनों को करंट लगता देखकर आत्माराम उनको छुड़ाने पहुंचा तो वह भी करंट की चपेट में आ गया। अचानक झटका लगने पर तार टूट गया और उनकी जान बच सकी। शोर मचाने पर आसपास खेतों में काम कर रहे किसान उनको लेकर बालैनी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि खेत के ऊपर से गुजर रही लाइन लटक रही है। उसको ठीक कराने के लिए कई बार बिजली अधिकारियों से कहा गया, लेकिन उसके बावजूद भी उनको ठीक नहीं किया गया। जेई तेज प्रताप सिंह का कहना है कि लाइन ढीली होने की जानकारी नहीं थी। अब इस बारे में पता चला है और उसको ठीक कराया जाएगा।