कोरोना से दो महिलाओं की मौत, 14 संक्रमित
बागपत/बड़ौत/खेकड़ा। जिले में 24 घंटे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 14 नए मामले सामने आए हैं। संक्रमण के जिले में अब कुल 532 मामले हो गए हैं।
सीएमओ डॉ. आरके टंडन ने बताया कि सोमवार को रिपोर्ट में 14 पॉजिटिव आए हैं। खेकड़ा की नई बस्ती और मोहल्ला अहिरान के लोगों की जांच रिपोर्ट आ गई है। नई बस्ती निवासी एक ही परिवार के एक बच्चे समेत चार लोग पॉजिटिव मिले हैं। इनमें एक महिला उसके दो पुत्र और एक महिला का पौत्र शामिल हैं। इसके अलावा मोहल्ला अहिरान में रहने वाली एक आंगनबाड़ी और उसकी पुत्री पॉजिटिव मिली है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी छह लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया। कोविड अस्पताल के प्रभारी डॉ. ताहिर ने बताया कि मरीजों का इलाज शुरू कर दिया है। उधर, बड़ौत में गुराना रोड पर कोरोना पॉजिटिव केस के बाद सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम संक्रमित एरिया में पहुंची और सर्वे कर 30 लोगों के सैंपल लिए और 263 लोगों को होम क्वारंटीन किया। यह जानकारी सीएचसी अधीक्षक डॉ. विजय कुमार ने दी। वहीं, बागपत के पटेल नगर की 70 वर्षीय वृद्धा और बड़ौत की 59 वर्षीय कोरोना पीड़ित महिला की मेरठ मेडिकल में मौत हो गई।