- स्वास्थ्य विभाग ने दोबारा से शुरू की कोरोना की जांच, लोगों को दी जा रही बचाव की सलाह
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। कोरोना ने फिर से चिंता बढ़ा दी है। जिले में सोमवार को बाल रोग विशेषज्ञ सहित दो संक्रमित मिले हैं। अब जिले में चार केस एक्टिव हो गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना की जांच शुरू कर दी है। लोगों को बचाव की सलाह दी जा रही है।
कोरोना को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। अस्पताल में आने वाले मरीज और उनके परिजनों को कोरोना गाइड लाइन का पालन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को संक्रमण से बचाव के लिए मास्क का प्रयोग करने और स्वच्छता का ध्यान रखने की सलाह दी जा रही है। जिले में फिलहाल जिला अस्पताल और सीएचसी पर लगभग ढाई सौ जांच की जा रहीं हैं।
पिछले दो दिन में जिले में चार लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। सोमवार को जिला अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ सहित दो संक्रमित मिले हैं। सीएमओ डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों को लाउडस्पीकर से मास्क का प्रयोग करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। जिले में चार संक्रमित मिले हैं। संक्रमण को देखते हुए सभी सीएचसी और जिला अस्पताल में कोरोना की जांच बढ़ाई जाएगी।