स्वतंत्रता दिवस पर जिला जेल से अच्छे आचरण के कारण रिहा हुआ आजीवन सजायाफता बंदी
- फोटो : KAHKRA
स्वतंत्रता दिवस पर सजायाफ्ता बंदी ओमवीर हुआ रिहा
बागपत, खेकड़ा। स्वतंत्रता दिवस सजायाफ्ता बंदी ओमवीर के परिवार के लिए खुशियों की सौगात लेकर आया। प्रदेश शासन ने उसकी सजा को माफ कर 15 अगस्त को उसे बागपत जिला जेल से रिहा करा दिया। जेल अधिकारियों ने उसे फूल माला पहनाकर जेल से रिहा कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
जनपद के ग्राम मलकपुर का रहने वाले ओमवीर को 16 वर्ष पूर्व न्यायालय ने हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। तब उसे मेरठ जेल में भेज दिया गया था। वर्ष 2016 में बागपत जिला जेल शुरू होने पर उसे मेरठ से जिला जेल में शिफ्ट कर दिया गया था। मेरठ और बागपत की दोनों जेलों में उसका आचरण बेहद संतोषजनक रहा। प्रदेश शासन में पिछले दिनों डीएम राजकमल यादव और पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन से उसके आचरण और रिहाई के संबंध में रिपोर्ट मांगी थी। दोनों अधिकारियों ने उसके अच्छे आचरण और उसकी रिहाई पर गांव में किसी तरह का कोई विवाद ना होने की रिपोर्ट शासन को भेज दे थी। इनके आधार पर शासन ने स्वतंत्रता दिवस पर उसकी बाकी की सजा को माफ कर उसे जेल से रिहा करने के आदेश जारी किए थे। जेल अधीक्षक ने 15 अगस्त को उसे फूल माला पहनाकर जेल से रिहा कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
जेल अधीक्षक वीके मिश्रा ने बताया के ओमवीर सिंह मेरठ और बागपत की जेलों में 16 वर्ष की सजा पूरी कर चुका था। प्रदेश शासन ने अच्छे आचरण के कारण उसकी बाकी की सजा को माफ कर स्वतंत्रता दिवस पर उसे जेल से रिहा करने के आदेश जारी किए थे।