बागपत। जिले में 23 आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कराने के लिए बजट जारी करने के बावजूद ठेकेदार न मिलने के कारण केंद्रों का अभी तक निर्माण नहीं हो सका। केंद्रों का निर्माण करने के लिए प्रमुख सचिव ने सीडीओ व जिला कार्यक्रम अधिकारी को जल्द ही निविदा खोलकर केंद्रों का निर्माण कराने के आदेश दिए हैं। ताकि कार्यकर्ताओं को अपना भवन मिल सके।
जिले में 150 से अधिक आंगनबाड़ी केंद्र जर्जर हालत में हैं। इनकी मरम्मत करने के लिए शासन को पत्र लिखा गया था। 23 आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कराने के लिए प्रस्ताव भी तैयार हो गया था। एक भवन पर 12 लाख रुपये का बजट खर्च होना है। इनमें पंचायती राज, मनरेगा व जिला कार्यक्रम विभाग की धनराशि खर्च होगी। सबसे ज्यादा बजट पंचायती राज विभाग का सात लाख रुपये खर्च किया जाएगा।
कई बार लोक निर्माण विभाग के निविदा जारी की, लेकिन निविदा नहीं खुल पाने के कारण केंद्रों का निर्माण शुरू नहीं हो सका। केंद्रों का निर्माण शुरू नहीं होने पर शासन ने भी नाराजगी जताई थी। इसके बाद प्रमुख सचिव ने सीडीओ व जिला कार्यक्रम अधिकारी को नौ सितंबर तक निविदा खुलवाकर कार्य शुरू कराने के आदेश दिए है, ताकि केंद्रों में बच्चों को पोषाहार के साथ-साथ पढ़ाई कराई जा सके।
- इन केंद्रों का होगा निर्माण
संतोषपुर, खेड़की, कानौली, बिचपड़ी, लुहारी में दो, बूढ़पुर, लोयन, जागौस, बिजवाड़ा, कनवाड़ा, कमाला, औगटी, सैडभर में दो, अमीपुर बालैनी, ढिकौली, काकौर कलां, रठौड़ा, सैदपुर कलां, खैला गांव में आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण किया जाएगा।
- वर्जन
- नौ सितंबर को निविदा खोली जाएगी, शासन से भी आदेश आए हैं। निविदा खुलने के बाद आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। - नगेंद्र मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी