बागपत। खेकड़ा के युवाओं को खेल सुविधाएं देने के लिए मिनी स्टेडियम का प्रस्ताव कागजों में ही अटका हुआ है। फाइल पूरी नहीं होने के कारण मिनी स्टेडियम के निर्माण के लिए बजट जारी नहीं हो पा रहा। फाइल पूरी कराने के लिए परियोजना निदेशक ने कालेज प्रबंधन समिति को पत्र जारी भी किया।
खेकड़ा के गांधी इंटर कालेज के मैदान में मिनी स्टेडियम का निर्माण कराने के लिए रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद जयंत चौधरी ने 30 लाख रुपये जारी कर प्रस्ताव ग्राम्य विकास अभिकरण को भेजा था। ग्राम्य विकास अभिकरण के अधिकारियों ने मिनी स्टेडियम का निर्माण कराने के लिए 65 लाख रुपये का प्रस्ताव तैयार किया। जिसके बाद शुरू हुई प्रक्रिया कालेज की कागजी कार्रवाई पूरी नहीं होने पर अटक गई। कुछ समय पहले ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक ने कालेज प्रबंध समिति को पत्र जारी कर फाइल पूरी करने के निर्देश दिये थे, लेकिन फाइल पूरी नहीं हो सकी। जिस कारण मिनी स्टेडियम का निर्माण कराने के लिए बजट भी जारी नहीं हो पा रहा।
इस मामले में परियोजना निदेशक हरेंद्र सिंह ने बताया मिनी स्टेडियम का जल्द निर्माण कराने के लिए कालेज को दूसरी बार पत्र जारी कर फाइल पूरी कराने के लिए कहा गया है। फाइल तैयार होते ही बजट जारी करने की प्रक्रिया भी पूर्ण करा दी जाएगी और जल्द ही मिनी खेल स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा।