ककड़ीपुर से नाला तक दोबारा बनाई गई सड़क
- फोटो : BAGHPAT
बागपत। अग्रवाल मंडी टटीरी में अस्थायी गोशाला की जमीन पर 25 बेड के आयुर्वेदिक एवं यूनानी अस्पताल का निर्माण कराया जाएगा। नगर पंचायत की ओर से विभाग को जमीन उपलब्ध करा दी है। इसके अतिरिक्त छपरौली के लुहारा गांव में चार बेड के अस्पताल के निर्माण के लिए विभाग ने भूमि चिह्नित कर प्रस्ताव तैयार कर लिया है। शासन से बजट जारी होते ही अस्पताल का निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए अग्रवाल मंडी टटीरी में अस्थायी गोशाला की जमीन पर आयुर्वेदिक एवं यूनानी अस्पताल बनाने की कार्ययोजना तैयार की गई है। नगर पंचायत की ओर से विभाग को अस्पताल निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध करा दी है। फिलहाल कस्बे में गोशाला के निर्माण के लिए भूमि की तलाश कराई जा रही है। भूमि मिलने पर गोशाला दूसरे स्थान पर शिफ्ट की जाएगी। इससे आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग की ओर से कस्बे में अस्पताल के निर्माण का एस्टीमेट तैयार कर शासन को भेजा जाएगा।
लुहारा में चार बेड के अस्पताल के लिए भूमि चिन्हित
आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग की ओर से छपरौली के लुहारा गांव में चार बेड के अस्पताल का निर्माण कराने की तैयारी शुरू कर दी है। विभाग की ओर से अस्पताल निर्माण के लिए भूमि चिह्नित कर ली है। गांव में 23 लाख रुपये के बजट से अस्पताल का निर्माण कराया जाएगा। विभाग की ओर से अस्पताल के निर्माण के लिए प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। बजट जारी होते ही लुहारा में अस्पताल का निर्माण कराया जाएगा।
अग्रवाल मंडी टटीरी में 25 बेड के अस्पताल का निर्माण कराया जाएगा। भूमि मिलने पर अस्पताल के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। इसके अतिरिक्त लुहारा में चार बेड के अस्पताल के निर्माण के लिए भूमि चिह्नित कर शासन को बजट की डिमांड भेज दी है।-डॉ. मोनिका गुप्ता, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी
अमर उजाला के 13 नवंबर के अंक में प्रकाशित सड़क की खबर- फोटो : BAGHPAT