कांस्टेबल ने कैशियर पर लगाया रुपये हड़पने का आरोप
खेकड़ा। गांव सांकरौद निवासी जयवीर सिंह ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह यूपी पुलिस में कांस्टेबल है। फिलहाल उसकी ड्यूटी पावर कॉरपोरेशन की विजिलेंस टीम में चल रही है। जनवरी माह में उसने नगर स्थित एक बैंक शाखा में अपने खाते में एक लाख 80 हजार रुपया जमा कराया था। भीड़ होने के चलते कैशियर ने रसीद बाद में ले जाने को कहा था। इसके बाद वह ड्यूटी पर चला गया। मार्च माह में वह बैंक पहुंचा और कैशियर से रसीद और पासबुक में एंट्री कराने के लिए कहा। कैशियर ने लॉकडाउन चलने की बात कहकर न तो रसीद दी और न ही पासबुक में एंट्री की। वह 29 सितंबर को फिर बैंक शाखा पहुंचा और पासबुक में एंट्री कराई तो एक लाख 80 हजार रुपये की एंट्री पासबुक में अंकित नहीं हुई। उसने पुलिस से रुपये दिलवाने की मांग की। कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार सिंह का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल कराई जा रही है।