- विद्युत विभाग काट रहा बकाया के नाम पर नलकूपों का कनेक्शन
- किसानों ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर एक्सईएन द्वितीय की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। एक ओर जहां क्षेत्र के किसान बकाया गन्ना भुगतान की मार झेल रहे हैं, वहीं दूसरी ओर ऊर्जा निगम के अफसर मनमानी करते हुए किसानों के निजी नलकूपों के कनेक्शन काट रहे है। बार-बार अनुरोध किए जाने के बाद कोई सुनवाई नहीं होने पर क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर एक्सईएन द्वितीय पर मनमानी का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में क्षेत्रवासियों ने बताया कि वे वाजिदपुर, अंगदपुर, जौहड़ी, बिजरौल, लौहड्डा, गुराना, रंछाड़ सहित अन्य गांवों के किसान है। सभी गांवों का गन्ना मलकपुर चीनी मिल पर जाता है, लेकिन कई सालों से मलकपुर चीनी मिल बकाया गन्ना भुगतान नहीं कर रहा है। जिस कारण वे आर्थिक तंगी से जूझ रहे है। बकाया गन्ना भुगतान न होने की वजह से न तो स्कूलों में बच्चों की फीस जमा हो पा रही है और न ही बेटियों की शादी कर पा रहे है, उधारी लेकर परिवार का खर्च बमुश्किल चलाया जा रहा है। इसके बाद भी एक्सईएन द्वितीय कृष्णपाल पूरी निगम की टीम के साथ लगातार किसानों के निजी नलकूपों के कनेक्शन काट रहे हैं। जबकि मुख्यमंत्री ने निजी नलकूपों के कनेक्शन न काटने के आदेश दे रखे है।
मुख्यमंत्री के आदेशों की अवहेलना करते हुए किसानों पर अनावश्यक दबाव बनाया जा रहा और उनके कनेक्शन काटे जा रहे है। उन्होंने पूरे प्रकरण की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ताओं में वीरसैन, विनोद, राममेहर, लाल सिंह, हुक्म सिंह, कृष्णपाल आदि शामिल है। उधर एक्सईएन द्वितीय केपी पूरी ने कहा कि झूठी शिकायत कर विभाग की छवि धूमिल की जा रही है, निजी नलकूपों का कोई कनेक्शन नहीं काटा जा रहा है, जो पांच से दस लाख के बकाएदार है, उनके खिलाफ जरूर कार्रवाई की जा रही है।
वर्जन
मुख्यमंत्री को शिकायत की गई थी, और कुछ किसान आकर भी मुझसे मिले थे, यदि ऐसा हो रहा है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी- सुनील कुमार, एसई बागपत