बागपत। सीएम योगी आदित्यनाथ और रालोद अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह बागपत में पांच अप्रैल को एक साथ मंच से वोटरों को साधेंगे। उनकी रैली गेटवे इंटरनेशनल स्कूल के मैदान पर होगी, जिसकी भाजपा व रालोद नेताओं के साथ ही प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी है।
रालोद-भाजपा गठबंधन ने जाट बिरादरी के डाॅ. राजकुमार सांगवान को प्रत्याशी बनाया है तो सपा ने भी जाट व बसपा ने गुर्जर को मैदान में उतारा है। वहीं इस सीट के रालोद के खाते में जाने से राजपूत, गुर्जर, ब्राह्मण व पिछड़ों के छिटकने का डर रालोद-भाजपा गठबंधन को सता रहा है।
ऐसे में जाटों के साथ ही अन्य को एकजुट करने के लिए इस रैली को अहम माना जा रहा है। इसमें सीएम योगी आदित्यनाथ व रालोद अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह दोनों एक साथ वोटरों को साधने का काम करेंगे।
वहीं भाजपा के जिला प्रभारी डा. चंद्रमोहन, लोकसभा प्रभारी अशोक नागर, जिलाध्यक्ष वेदपाल उपाध्याय समेत अन्य ने गेटवे इंटरनेशनल स्कूल में पहुंचकर रैली स्थल का निरीक्षण किया।