बागपत/छपरौली। बारिश के कारण शनिवार को छपरौली के श्री विद्या मंदिर इंटर कॉलेज परिसर में जलभराव हो गया है। जलभराव के कारण 12 सितंबर को चौधरी अजित सिंह की रस्म पगड़ी कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। अब रस्म पगड़ी कार्यक्रम 19 सितंबर को होगा। रालोद के राष्ट्रीय सचिव डॉ कुलदीप उज्ज्वल ने बताया कि जलभराव के कारण 12 सितंबर को होने वाले कार्यक्रम को स्थगित कर दिया है। अब 19 सितंबर को कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम स्थगित होने की सूचना लोगों को दे दी गई है। उधर, रालोद नेता विकास प्रधान ने बताया कि शनिवार को बबली तोमर, जितेंद्र मलिक, बॉबी तोमर, वसंत तोमर और प्रवीण तोमर के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे । मैदान में बरसात के कारण जलभराव हो गया था। इसकी सूचना रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी को दी गई। जयंत चौधरी ने कार्यक्रम को रविवार 19 सितंबर को करने का निर्णय लिया है। जिला पंचायत सदस्य सुभाष गुर्जर ने बताया कि कार्यक्रम में जितने भी ट्रैक्टर व अन्य वाहन लेकर जाने वाले लोग थे, उन सभी को बताया जा रहा है कि अब यह रस्म पगड़ी कार्यक्रम 19 सितंबर को होगा।