बागपत। बाल उत्पीड़न से जुड़ी शिकायतों का निस्तारण करने के लिए संचालित मुख्यमंत्री चाइल्ड केयर हेल्पलाइन की घंटी अब विकास भवन में बजेगी। जिसके बाद शिकायतकर्ता से वार्ता के बाद समस्या का समाधान कराने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
विकास भवन में मुख्यमंत्री चाइल्ड केयर हेल्पलाइन का कार्यालय संचालित है। जिसमें जिले से हेल्पलाइन नंबर 1098 पर होने वाली शिकायतें पहले लखनऊ होती थी, फिर लखनऊ से बागपत ट्रांसफर कर दी जाती थी। लेकिन अब विकास भवन में सीधी कॉल रिसीव होने की व्यवस्था संचालित कर दी गई है। जिला प्रोबेशन अधिकारी मुफ्तकीन ने बताया कि हेल्पलाइन नंबर 1098 पर आने वाली शिकायतों पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि बाल उत्पीड़न रोकने और शिक्षा का अधिकार दिलाने समेत अन्य समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। हेल्पलाइन संचालन के लिए कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।