दीक्षार्थी शोभायात्रा में अभिवादन स्वीकार करते दीक्षार्थी संभव जैन
बड़ौत। अजितनाथ दिगंबर जैन मंदिर कमेटी की ओर से दीक्षार्थी भाई संभव जैन के तिलक का कार्यक्रम अजीतनाथ सभागार में आयोजित किया गया। जैन स्थानक मंडी से दीक्षार्थी संभव जैन की शोभायात्रा बैंडबाजे के साथ निकाली। सकल दिगंबर जैन समाज की ओर से संभवन का तिलक एवं स्वागत अभिनंदन किया। तपस्वी धन्ना मुनि महाराज ने कहा कि आज के भौतिक युग में जैन संयास ग्रहण करना चुनौतीपूर्ण है।
अजीत नाथ मंदिर कमेटी के अध्यक्ष सुभाष चंद जैन, संरक्षक प्रमोद जैन, महामंत्री अशोक जैन, दिगंबर जैन हाई स्कूल एसोसिएशन के सचिव धनेंद्र जैन, महावीर स्वामी पर परमागम मंदिर कमेटी के अध्यक्ष विनोद जैन एडवोकेट, शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार जैन ने सामूहिक रूप से दीक्षार्थी संभव जैन को केसर का तिलक कर मंगल गीतों के बीच उनका अभिनंदन किया।
दीक्षार्थी बंधु के परिजनों का जैन समाज द्वारा अभिनंदन किया। जैन स्थानक मंडी से दीक्षार्थी संभव जैन की शोभायात्रा बैंड बाजों के साथ नगर के भगवान महावीर मार्ग से होते हुए अजीतनाथ सभागार में पहुंचकर धर्म सभा के रूप में परिवर्तित हो गई। जैन स्थानक में आयोजित धर्म सभा को संबोधित करते हुए तपस्वी धन्ना मुनि महाराज ने कहा कि भौतिक संसाधनों का लालच तथा चमक आज के युवाओं को अत्यधिक प्रभावित करती है, जिसके कारण आज समाज में वैमनस्य नशाखोरी इत्यादि का प्रचलन युवाओं में बढ़ रहा है। इस युग में संभव जैन का त्याग और साधना की ओर कदम बढ़ाने का कार्य अत्यंत दुष्कर है। संभव जैन का दीक्षा ग्रहण करना समाज में चुनौतीपूर्ण है।
धर्म सभा में साध्वी विभावना महाराज, साध्वी करुणा महाराज ने भी श्रद्धालुओं को संबोधित किया। दीक्षा महोत्सव के मुख्य संयोजक डॉ. अमित राय जैन में बताया दीक्षा महोत्सव के लिए आवास, भोजन, पार्किंग, शोभा यात्रा, दीक्षा पांडाल इत्यादि के संयोजक की बैठक की गई है। जिसमें समारोह की सुचारू व्यवस्था हेतु समस्त प्रबंधों की समीक्षा की गई। दीक्षा महोत्सव में शामिल होने के लिए विभिन्न प्रदेशों से श्रद्धालु जनता का आवागमन प्रारंभ हो गया है।