पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कसा शिकंजा
फोटो 1
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। राष्ट्र वंदना चौक पर ट्रिपलिंग कर रहे तीन युवकों को दरोगा ने रोक लिया और ड्राइविंग लाइसेंस व अन्य दस्तावेज मांगे। बाइक सवार युवक ने खुद के गृह मंत्रालय से होने का रौब गालिब किया। इस पर दरोगा ने बाइक का ढाई हजार रुपये का चालान काट दिया।
शहर के राष्ट्र वंदना चौक से शुक्रवार सुबह दिल्ली की तरफ से एक बाइक पर सवार होकर बिना हेलमेट लगाए आ रहे तीन युवकों को दरोगा रोशनलाल ने रोक लिया। दरोगा ने बाइक सवार युवकों से ड्राइविंग लाइसेंस व अन्य दस्तावेज दिखाने के लिए कहा। इस पर युवक ने फोन निकाला और बोला कि मैं गृह मंत्रालय से हूं, स्टाफ की तो शर्म कर लो।
इस पर दरोगा ने दोबारा दस्तावेज मांगे। दरोगा रोशनलाल ने सभी के लिए नियम बराबर होने की बात कहते हुए तीन सवारी बैठाने पर एक हजार, लाइसेंस न दिखाने पर एक हजार व हेलमेट नहीं लगाने पर 500 रुपये का चालान काट दिया। दरोगा रोशनलाल का कहना है कि यातायात नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।