बागपत। भारतीय क्रिकेट टीम ने शनिवार को टी-20 विश्व कप जीत लिया। भारत व दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए फाइनल मैच में भारत के जीत दर्ज करते ही लोगों ने जश्न मनाया। एक बार मैच हाथ से फिसलता देख थोड़ी मायूसी जरूर हुई, मगर विकेटों के गिरने पर उम्मीद जगी और भारतीय टीम ने सात रन से जीत दर्ज की। भारतीय टीम की जीत पर बड़ौत में बिजरौल रोड पर रेस्टोरेंट में 50 फीसदी छूट देने की बात संचालक ने कही है।
भारत व दक्षिण अफ्रीका के बीच रविवार को टी-20 विश्व कप का फाइनल मैच खेला गया। मैच को लेकर जिले के क्रिकेट प्रेमियों में भी दीवानगी दिखी जो शनिवार सुबह से ही काफी उत्साहित थे। क्रिकेट प्रेमियों ने फाइनल मैच देखने के लिए अपने तरीके से व्यवस्था की हुई थी। किसी ने बड़ी स्क्रीन लगाई हुई थी तो कोई दोस्तों व परिवार के साथ बैठकर मैच देखने की तैयारी कर चुका था। जब शाम को आठ बजे मैच शुरू हुआ तो उसे देखने के लिए लोग स्क्रीन व टीवी के सामने बैठ गए। लोग हाथों में तिरंगा झंडा लेकर मैच देख रहे थे। भारत ने पहले बल्लेबाजी करनी शुरू की तो सड़कों पर भीड़भाड़ काफी कम हो गई थी। भारतीय टीम के शुरूआत में विकेट जल्दी गिरने पर क्रिकेट प्रेमी कुछ मायूस दिखे, मगर विराट कोहली के लगातार रन बनाने से भारत का स्कोर 176 रन तक पहुंच गया। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका की टीम खेलने उतरी तो करीब 13 ओवर तक मैच पर भारत की पकड़ दिखाई दी। मगर उसके बाद दक्षिण अफ्रीका का पलड़ा भारी हुआ तो एक बार फिर मायूसी छा गई। इस बीच ही दक्षिण अफ्रीका की विकेट गिरनी शुरू हुई और भारत को सात रन से जीत मिली।
मिठाई खिलाकर व आतिशबाजी करके मनाया जश्न
भारत के जीतने के साथ लोगों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। किसी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया तो कोई आतिशबाजी करता हुआ दिखाई दिया। इस तरह विश्व कप जीतने के बाद क्रिकेट को लेकर दीवानगी साफ दिखाई दी। कोर्ट रोड पर मेडिकल स्टोर करने वाले अंशुधर भारद्वाज, पूर्व सभासद विकास शर्मा, सुधारस चौहान, पंकज भारद्वाज उर्फ टोनू, सतेंद्र चौहान समेत अन्य ने भारत की जीत को एतिहासिक पल बताया।
भारत की जीत पर 50 फीसदी की छूट रहेगी
बड़ौत में बिजरौल रोड पर टाउन क्रैश रेस्टोरेंट की संचालिका दीपाली सैनी ने पहले ही भारत की जीत पर 50 फीसदी छूट देने की घोषणा कर दी थी। उन्होंने कहा कि अब भारत विश्व कप जीत गया है और उनके यहां इस खुशी में छूट दी जाएगी।