संपूर्ण समाधान दिवस में 52 शिकायतों में से तीन का मौके पर निस्तारण
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत/खेकड़ा। संपूर्ण समाधान दिवस मेें सीडीओ व एसडीएम ने जनसमस्याएं सुनीं। कुल 52 शिकायतें आईं, जिनमें से मौके पर मात्र तीन शिकायतों का निस्तारण हो सका है। सीडीओ ने समय अवधि में पारदर्शिता के साथ लंबित शिकायतों का निस्तारण करने के लिए संबंधित कर्मचारियों के निर्देश दिए।
सीडीओ रणजीत सिंह, एसडीएम सुभाष सिंह ने जनसमस्याएं सुनीं। इस दौरान बिजली, नगरपालिका, सिंचाई विभाग, शिक्षा विभाग, चकबंदी, पुलिस समेत अन्य विभागों से जुड़ी लगभग 52 शिकायतें आईं। जिनमें से मौके पर मात्र तीन शिकायतों का ही निस्तारण हो सका। इस दौरान सीडीओ ने लंबित शिकायतों का समय अवधि मेें पारदर्शिता के साथ निस्तारण करने का निर्देश दिया। सीओ युवराज सिंह ने संपूर्ण समाधान दिवस में आए पुलिसकर्मियों को कोतवाली व थानों में आई शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांचकर मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। यहां वन क्षेत्राधिकारी राजपाल सिंह, सिंचाई विभाग के एसडीओ सूरजपाल, वन दरोगा रविकांत चौधरी, ऊर्जा निगम के एसडीओ राणा प्रताप, आपूर्ति निरीक्षक राहुल पटेल, एडीओ पंचायत सुधीर तोमर, सिंचाई विभाग के अवर अभियंता वीरपाल पंवार, एसडीओ कृषि तेजपाल चौहान आदि रहे।
उधर, खेकड़ा तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी अमित कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक मनीष मिश्रा ने जनसमस्याएं सुनीं। यहां 33 फरियादी समस्याएं लेकर पहुंचे। इनमें राजस्व विभाग की 23, पुलिस विभाग की 7, पालिका, विद्युत निगम व खंड विकास कार्यालय की एक-एक समेत कुल 33 शिकायतें आईं। अधिकारियों ने इनमें से राजस्व विभाग की दो शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण करा दिया। बाकी अन्य शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को शीघ्र गुणवत्ता पूर्वक निस्तारण के लिए सौंपा। एडीएम ने पूर्व के समाधान दिवस में आई शिकायतों की समीक्षा कर संबंधित विभागीय अधिकारियों को लंबित शिकायतों को अविलंब निस्तारण करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी अजय कुमार, तहसीलदार आलोक प्रताप सिंह, सीओ विजय चौधरी समेत संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।