बालैनी। मेरठ-बागपत नेशनल हाईवे पर बालैनी टोल प्लाजा में तोड़फोड़ कर कर्मियों से मारपीट करने वालों पर पुलिस ने कार्रवाई कर दी। इसमें पुलिस ने कार सवार किसान यूनियन के नेताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
टोल प्लाजा के प्रबंधक दीपक पुंडीर ने बताया कि बीस अक्तूबर को किसान यूनियन के झंडे लगी गाड़ियों का काफिला टोल पर पहुंचा। इसमें सवार किसान यूनियन के नेताओं ने टोल पर लगे सामान में तोड़फोड़ शुरू कर दी। वहां तैनात कर्मियों ने रोकने का प्रयास किया तो उन्हें लाठी डंडों से पीटकर घायल कर दिया और अपनी गाड़ियां लेकर भाग गए। बालैनी पुलिस का कहना है कि टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर चार गाड़ी नंबरों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है, जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।