बागपत। महिला को तीन तलाक देने वाले पति का दूसरा निकाह कराने पर पुलिस ने मौलवी समेत सात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। महिला ने ससुराल वालों पर घर में घुसकर मारपीट करने का भी आरोप लगाया।
निवाड़ा गांव की रहने वाली नजराना ने बताया कि मई 2020 में उसका निकाह मोहसिन निवासी रामपार्क ट्रोनिका सिटी से हुआ था। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वालों ने उसे जान से मारने का प्रयास किया। ट्रोनिका सिटी थाने में मामला दर्ज कराया गया था, जबकि घरेलू हिंस और भरण पोषण का मुकदमा बागपत न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप लगाया कि मई 2023 में कचहरी में उसके पति ने समझौता नहीं करने पर तीन तलाक दे दिया था। इसके बाद उसके पति का मौलवी तसव्वर ने दूसरा निकाह करा दिया। चार मई को उनके घर में घुसकर मारपीट कर घायल कर दिया गया था।
एसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने महिला के पति मोहसीन, मोमीन, नदीम निवासी ट्रोनिका सिटी, सलीम निवासी खिंदौड़ा, शकील, अफसाना निवासी अमीनगर सराय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार का कहना है कि जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।