-बिजरौल में राशन की दुकान की जांच करने गए थे इंस्पेक्टर
-बंधक बनाकर इंस्पेक्टर के साथ किया था मारपीट का प्रयास
बड़ौत। बिजरौल गांव में सस्ते गल्ले की दुकान की जांच करने गए आपूर्ति विभाग इंस्पेक्टर को बंधक बनाकर मारपीट का प्रयास करने की आरोपी महिला समेत तीन लोगों के मुकदमा दर्ज किया गया है।
आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि वह 14 मई की दोपहर सुमन देवी, साईं बाबा सहायता समूह के नाम से सस्ते गल्ले की राशन की दुकान की जांच करने बिजरौल गांव में गए थे। जांच के समय दुकान बंद पाई गई। विक्रेता के मोबाइल नंबर पर संपर्क कर उन्हें बुलाया तो सुमन देवी के पति पप्पू दुकान पर पहुंचे और कहने लगे कि सुमन हास्पिटल गई है और दुकान की चाबी भी अपने साथ ले गई है। पप्पू ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। वह उसका वीडियो बनाने लगे तो आरोपी ने लुहारी गांव के सुधीर कुमार को अपनी दुकान पर बुला लिया। पप्पू और सुधीर ने उन्हें बंधक बना लिया और उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट का प्रयास किया और जान से मारने की धमकी दी। सुधीर कुमार ने कहा कि रविवार को दुकान की जांच क्यों कर रहे हो। विक्रेता सुमन देवी से समूह की पासबुक की छायाप्रति और खाता नंबर मांगा गया तो उन्होंने नहीं दिखाई। साथ ही अभद्रता की। इंस्पेक्टर जनक सिंह चौहान ने बताया कि इंस्पेक्टर राजेश कुमार की तहरीर पर आरोपी सुमन देवी, उसके पति पप्पू और लुहारी गांव के राशन डीलर सुधीर कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।