कैंटर ने पुलिस की गाड़ी को टक्कर मारी, चालक घायल
खेकड़ा। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे अनियंत्रित कैंटर ने पुलिस की डायल 112 गाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी। इससे गाड़ी क्षतिग्रस्त होने के साथ ही चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने कैंटर को कब्जे में लेकर घायल चालक को बागपत के सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया।
ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस की डायल 112 गाड़ी गश्त करती है। रविवार रात गाड़ी ईपीई पर खेकड़ा रेलवे ओवरब्रिज के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान हरियाणा की ओर से आ रहे अनियंत्रित कैंटर ने पुलिस की गाड़ी को पीछे से तेज टक्कर मार दी। इससे गाड़ी क्षतिग्रस्त होने के साथ ही चालक होमगार्ड ओम सिंह हाथ व सिर में चोट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिसकर्मियों ने कैंटर को कब्जे में लेकर घायल चालक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, सीओ विजय चौधरी ने बताया कि आरोपी चालक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।