बागपत। मवीकलां गांव में कैब चालक की हत्या नहीं हुई थी। उसने तमंचे से आत्महत्या की थी। परिजनों ने आत्महत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कराया।
मवीकलां गांव में रोजा इफ्तारी के बाद अलीपुर बांध पर घूमने गए कैब चालक सलमान (23) का गोली लगा शव पड़ा मिला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल की। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने भी मौका-मुआयना किया था। मृतक के परिजनों ने अज्ञात हमलावरों पर गोली मारकर हत्या करने का मुकदमा दर्ज कराया। इस मामले में कोतवाली प्रभारी राकेश कुमार का कहना है कि कैब चालक सलमान की मौत होने पर वहां पहुंचे परिजनों ने तमंचा छिपा दिया और हत्या के आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया। बाद में परिवार वालों ने तमंचा बरामद करा दिया। कैब चालक की हत्या के मुकदमे की धारा आत्महत्या में तरमीम की जाएगी।
आत्महत्या से पहले परिवार वालों को किया था फोन
सलमान ने आत्महत्या करने से पहले परिवार वालों को फोन किया था। उसने परेशान होकर खुद को गोली मारने की बात कहते हुए घरवालों को उठाकर ले जाने की बात कही थी।